
सोमेश्वर (अल्मोड़ा): 4 अप्रैल 2024 को, कैबिनेट मंत्री और सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए 16 कुमाऊं रेजिमेंट के जवान कमल भाकुनी के पैतृक निवास पहुंची। उन्होंने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को नमन कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद, शहीद जवान के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास से लकड़ी पड़ाव स्थित शमशान घाट ले जाया गया। पूरे रास्ते में “स्वर्गीय जवान कमल भाकुनी अमर रहें” के नारों से समस्त क्षेत्र गुंजायमान हो गया। इस दौरान हर एक व्यक्ति की आंखें नम दिखाई दीं।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नक्सली मुठभेड़ में अपने अदम्य साहस के साथ मातृभूमि की रक्षा के लिए वीरगति को प्राप्त हुए कमल सिंह भाकुनी की शहादत को वे शत-शत नमन करती हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां हमें अपने शहीद की शहादत पर गर्व है, वहीं उन्हें खोने का भी बेहद दुःख है। उन्होंने ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर, जिलाधिकारी वंदना सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, एसडीएम सोमेश्वर प्रदीप कुमार, तहसीलदार सोमेश्वर राकेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश भट्ट, पूर्व विधायक रणजीत रावत, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

