
देहरादून। शहर के मोहब्बेवाला चौक के पास शनिवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना की सूचना फायर स्टेशन को सुबह 06:50 बजे PFT के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि ट्रक (HR58E5306) और कार (UK07FU3090) की टक्कर के कारण ट्रक चालक जुनैद (पुत्र दिलशाद) स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया था। स्थिति गंभीर होने के बावजूद फायर सर्विस, स्थानीय पुलिस और जेसीबी की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
फायर कर्मियों ने आयरन कटर की मदद से ट्रक की सीट को काटकर चालक को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान चालक को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
वहीं कार में सवार तीन घायल व्यक्तियों को फायर सर्विस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेज दिया गया था।
फायर विभाग के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। समय पर पहुंचकर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।

