एशियन ओपन ट्रॉफी 2026: तीसरे दिन भी भारत अव्वल, भारतीय स्केटर्स ने दर्ज किए पर्सनल बेस्ट

देहरादून : हिमाद्री आइस रिंक में चल रहे एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबलों और तेज लैप टाइम ने दर्शकों को बांधे रखा। मेज़बान भारत ने चीन, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, थाईलैंड और अन्य मजबूत टीमों के खिलाफ कड़ी टक्कर दी और कई खिलाड़ियों ने अपने पर्सनल बेस्ट दर्ज किए।
तीसरे दिन के बाद भी भारत छह पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर कायम है। जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में भारतीय स्केटर्स ने जुझारूपन और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
दिन-3 के प्रमुख परिणाम
• जूनियर डी बालक 333 मीटर: कीर्ति राज सिंह (भारत) कांस्य
• जूनियर सी बालक 500 मीटर: सिद्धांत मांजरे स्वर्ण, यश परिजात जामदार रजत (दोनों भारत)
• जूनियर बी पुरुष 500 मीटर: अद्वय कोठारी (भारत) कांस्य
• महिला 500 मीटर: साई सहाना (भारत) रजत
• जूनियर ए पुरुष 500 मीटर: प्रणव माधव सुरापनेनी (भारत) कांस्य
अन्य वर्गों में चीन, थाईलैंड, चीनी ताइपे, हांगकांग, इंडोनेशिया और मंगोलिया के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किए। चार दिवसीय प्रतियोगिता अब अंतिम दिन के निर्णायक मुकाबलों की ओर बढ़ रही है, जहां भारतीय प्रतिभाएं पदक और गौरव के लिए पूरी ताकत से उतरेंगी।
