स्वरा भास्कर पर उतराखंड महिला आयोग की सदस्य का कड़ा हमला, रानी पद्मावती पर बयान को लेकर मांगी माफी
देहरादून। उतराखंड राज्य महिला आयोग की सदस्य वैशाली नरूला ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने राजपूत महारानी पद्मावती को ‘फायर’ करने की बात कही थी।
वैशाली नरूला ने पथिक टीवी, देहरादून के संपादक को लिखे पत्र में कहा कि स्वरा भास्कर का इतिहास का ज्ञान शून्य लगता है। उन्हें राजपूत समुदाय के भारत के इतिहास, संस्कृति और समाज निर्माण में अत्यंत गौरवशाली योगदान की जानकारी नहीं है। महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, राणा सांगा और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे वीरों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। रानी पद्मावती महान भारतीय रानी थीं, जिन्होंने जौहर कर अपनी आन-बान की रक्षा की। जौहर रानी पद्मावती के साहस और बलिदान का प्रतीक है।
नरूला ने लिखा कि स्वरा भास्कर को उस देवी स्वरूप वीरांगना रानी का अपमान करने पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने न केवल रानी पद्मावती बल्कि पूरे राजपूत समाज और भारतवर्ष का अपमान किया है। स्वरा भास्कर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। हम अपने देश के वीरों और वीरांगनाओं का अपमान बिल्कुल नहीं सहेंगे।
