देहरादून में 21 वर्षीय युवक ने हॉस्टल में फांसी लगाकर की आत्महत्या
देहरादून। पटेल नगर थाना क्षेत्र के देहराखास में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवक ने पीजी हॉस्टल स्थित अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सीओ सिटी अंकित कंडारी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल महंत इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चंपारण, बिहार का रहने वाला था। सौरभ अपने साथी प्रांजल के साथ पीजी हॉस्टल के कमरे में रहता था। मंगलवार रात जब प्रांजल कमरे पर पहुंचा तो सौरभ ने अंदर से दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद किसी तरह अंदर पहुंचने पर सौरभ को चादर के फंदे से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सिटी ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।