देहरादून के रायपुर में दिनदहाड़े लूट की घटना, लुटेरों की तलाश जारी
देहरादून में मंगलवार दिनदहाड़े लूट की घटना, पुलिस टीम गठित
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना सामने आई है। घटना वाणी विहार क्षेत्र स्थित एक पाल जन सेवा केंद्र में घटी, जहां तीन अज्ञात व्यक्तियों ने तमंचे के बल पर लूट को अंजाम दिया। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 4:00 बजे की है, जब लुटेरे जन सेवा केंद्र में घुसे और वहां से लगभग तीन लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, लुटेरों ने इस दौरान सीएससी सेंटर के मालिक को भी चोटें पहुंचाई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर रही है और एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है।