
देहरादून। राज्य में आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारू और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से सचिव गृह शैलेश बगोली की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और यातायात निदेशालय के अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव बगोली ने निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष प्रबंध किए जाएँ ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं फील्ड पर रहकर स्थिति की निगरानी करें और यातायात संचालन को सुचारू बनाएं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि देहरादून में यातायात नियंत्रण हेतु एक कंपनी IRB या PAC की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही होमगार्ड और पीआरडी कर्मियों की सेवाएँ भी ली जाएँगी। शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थलों की पहचान कर पर्याप्त यातायात कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
सचिव गृह ने यह भी निर्देश दिए कि सभी ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरे पुलिस विभाग के नियंत्रण में लाए जाएँ, ताकि त्वरित निगरानी और कार्रवाई संभव हो सके। यातायात निदेशालय को विशेषज्ञों की मदद से प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने और नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्मार्ट सिटी, परिवहन आदि विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि यातायात निदेशालय को मानव संसाधन, तकनीकी साधन और आधारभूत संरचना के दृष्टिकोण से सुदृढ़ किया जाए, ताकि दीर्घकालिक योजना और क्रियान्वयन अधिक प्रभावी हो सके।
सचिव बगोली ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं के मार्ग हमेशा अवरोध-मुक्त रहें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बैठक में आगामी त्यौहारों को देखते हुए जनता की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।


