ज्योतिर्मठ।
ज्योतिर्मठ से एक बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे औली रोड स्थित भारतीय सेना के एक क्षेत्र में आग लग गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने की सूचना मिलते ही भारतीय सेना के विभिन्न एरिया में तैनात जवान मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही आईटीबीपी प्रथम वाहिनी, फायर सर्विस जोशीमठ और स्थानीय प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आग जंगल की ओर से सेना के कैंप की तरफ आई, जो तेज हवा के कारण आर्मी एरिया में फैल गई। आग की चपेट में आकर आर्मी स्टोर के बाहर रखा हुआ सामान जल गया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभ में आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन बाद में दोबारा आग सुलगने से लपटें तेज हो गईं, जिससे नुकसान बढ़ गया।
घटना के बाद कुछ देर तक आसपास के क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने अपने घरों की छतों से आग की लपटों को देखा और इस घटना को मोबाइल फोन में कैद भी किया।
जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि प्रशासन पूरी घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आग से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और भारतीय सेना के सभी जवान पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

