
देहरादून | 03 फरवरी 2026
कालसी क्षेत्र अंतर्गत कुआनु–मीनाक रोड पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। CCR देहरादून से प्राप्त सूचना के अनुसार एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी में बस में लगभग 30 से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही श्री अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के आदेशानुसार SDRF की विशेष बचाव टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी एवं त्यूणी से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। सभी टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल रोडवेज की बताई जा रही है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। SDRF, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन समन्वय बनाकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल घायलों और मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


