
माननीय मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद देहरादून पुलिस ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत तड़के सुबह पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिलीं।
पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई, जहां चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत कोरोनेशन चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में सामने आई। यहां चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक बदमाश पुलिस के रोकने पर नहीं रुका और वापस मुड़कर खंडर फैक्ट्री परिसर में घुस गया। वहां उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। फिलहाल उनसे लगातार पूछताछ जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

