
देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित देहरादून कार्निवाल 2026 लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 4 मई से शुरू हुए इस भव्य कार्निवाल में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड स्टॉल्स, लाइव म्यूजिक, एडवेंचर एक्टिविटीज और मनोरंजन के विविध आयोजन लोगों को खासा उत्साहित कर रहे हैं।
कार्निवाल में बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। खासतौर पर बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले, खेल-खिलौने और मनोरंजक गतिविधियों का विशेष आयोजन किया गया है, जो बच्चों और अभिभावकों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके साथ ही गेम जोन, सेल्फी प्वाइंट, हस्तशिल्प स्टॉल और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लोगों को खूब लुभा रही है।
शाम ढलते ही लाइव बैंड परफॉर्मेंस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्सव के माहौल में रंग जाता है। आयोजकों के अनुसार इस कार्निवाल का मुख्य उद्देश्य देहरादून की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना, स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना तथा पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह रहे हैं।
मेले के आयोजक राजेश रावत ने बताया कि आगामी दिनों में भी कई प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे कार्निवाल का उत्साह और बढ़ेगा।
कार्निवाल के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने आयोजन की व्यवस्थाओं और मनोरंजन गतिविधियों की सराहना की है।


