
देहरादून
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले 48 घंटों के लिए राज्य के कई पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 22 और 23 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
डॉ. तोमर ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में बादल छाने के साथ मौसम में बदलाव की शुरुआत भी हो चुकी है। आने वाले दिनों में बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को हीटवेव से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में सतर्कता बरतने को कहा है। ये दोनों जिले चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी प्रबल संभावना है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान मौसम अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें और खराब मौसम की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।

