
हरिद्वार: रविवार को देहरादून के धर्मपुर में, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने वार्ड संख्या-74 (ब्रह्मपुरी) की बूथ संख्या-48 पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ को क्षेत्र की सम्मानित जनता के साथ श्रवण किया। इस अवसर पर मंत्री आर्या ने प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों की अपील की।
मंत्री रेखा आर्या ने ‘मन की बात’ को सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में जन भागीदारी का महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया और कहा कि इसमें शामिल सामान्य जन मानस के प्रयास प्रेरणा देने वाले होते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया, जिसमें एक पेड़ मां के नाम पर लगाया गया।
मंत्री आर्या ने ‘मन की बात’ के ताजा अंक में प्रधानमंत्री द्वारा अल्मोड़ा के युवा वैज्ञानिक और आंत्रप्रेन्योर रक्षित भट्ट की सराहना को उत्तराखंड के लिए गर्व का पल बताया। रक्षित भट्ट ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। IIT मद्रास से स्नातक रक्षित भट्ट और उनके साथी ‘स्पेस स्टार्ट-अप’ चला रहे हैं।
इस कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या के साथ हरिद्वार के ब्रह्मपुरी वार्ड-74 के निवर्तमान पार्षद सतीश कश्यप, मंडल अध्यक्ष कौशलेन्द्र सिंह, मंडल महामंत्री आशीष गिरी, IT सह-संयोजक गौरव बूढ़ाकोटी, शक्ति केंद्र संयोजक विनोद कुमार, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विवेक वर्मा, बूथ अध्यक्ष विद्या बिष्ट सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।