देहरादून: उत्तराखंड में बाहरी व्यक्तियों पर पुलिस की नज़र अब और तेज हो गई है। राज्य के पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।

आईजी भरणे ने बताया कि विशेष रूप से अन्य राज्यों से आए हुए लोग देहरादून में रोजगार और अन्य गतिविधियों में लगे हुए हैं। ऐसे में कुछ लोग अपराधिक गतिविधियों में भी शामिल हो सकते हैं, इसलिए इन पर कड़ी नज़र रखना जरूरी है। इसके साथ ही, किरायेदारों का सत्यापन भी किया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।
पिछले दिनों रुद्रप्रयाग जिले में रोहिंग्या और गैर-हिंदू लोगों के गांव में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले पोस्टर लगाए जाने के मामले पर भी पुलिस की एक बैठक हुई है। आईजी भरणे ने कहा कि राज्य में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

