पाकिस्तान के साथ युद्ध जैसे हालातों के बीच पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
बीती रात एसएसपी देहरादून स्वयं पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर पहुंचे। यहां यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई। सुरक्षा बलों ने यात्रियों के सामान की तलाशी ली और आईडी कार्ड की भी जांच की।
सिर्फ शहर के भीतर ही नहीं, बल्कि देहरादून की अंतर-राज्यीय सीमाओं पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाहरी वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

