
पौड़ी और रुद्रप्रयाग जनपद की नवनियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
श्रीनगर, 20 जून।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को श्रीनगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर के स्वामी मनमंथन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पौड़ी और रुद्रप्रयाग जनपद की नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर रुद्रप्रयाग जनपद की 196 और पौड़ी जनपद की 697 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका के रूप में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उच्च शिक्षित महिलाएं और युवतियां आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़ी हैं, जिससे भविष्य में बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के स्तर में निश्चित रूप से सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जो परिकल्पना की गई है, उसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।
मंत्री आर्या ने यह भी कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण होने के साथ ही महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग अब प्रदेश के सबसे बड़े मानव संसाधन वाले विभागों में शामिल हो गया है। विभाग में कार्यरत कार्मिकों की संख्या अब लगभग 40,000 तक पहुंच गई है।
इस मौके पर पौड़ी भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, डीपीओ पौड़ी वीरेंद्र थपलियाल और डीपीओ रुद्रप्रयाग अखिलेश मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
