
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने डीजीपी को पत्र लिखकर कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। धस्माना ने आशंका जताई है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
दरअसल, पीएम नरेंद्र मोदी की माताजी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी से भाजपा आक्रोशित है। इसी को लेकर भाजपा महानगर इकाई ने सोमवार दोपहर 3 बजे कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने की घोषणा की है।
धस्माना ने अपने पत्र में कहा कि लोकतंत्र में विरोध और प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की हिंसा या अनहोनी की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं और नेताओं की नियमित आवाजाही होती रहती है, ऐसे में पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
भाजपा महानगर इकाई का कहना है कि पीएम मोदी की माताजी को लेकर की गई टिप्पणी असहनीय है और कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। इसी मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कांग्रेस मुख्यालय की ओर कूच करेंगे।

