देहरादून। राजधानी देहरादून में स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के कई जगहों का सौंदर्यीकरण किया गया है, इसी क्रम में घंटाघर को भी एक नया और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थान को अब एक टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया गया है। घंटाघर का सौंदर्यीकरण न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए एक सौगात है, बल्कि यह पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गया है।
आज जिलाधिकारी और एसएसपी देहरादून ने स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने बताया कि लोकार्पण की सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इसका लोकार्पण शुक्रवार को किया जाएगा, जिसके साथ ही यह परियोजना जनता को समर्पित कर दी जाएगी। लोकार्पण कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत इस सौंदर्यीकरण में घंटाघर क्षेत्र में नई लाइटिंग, वॉकवे, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल डिस्प्ले, भित्ति चित्र और हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों का मानना है कि यह स्थान अब शहर की नई पहचान बनेगा।

