
देहरादून, 31 अक्टूबर 2025 —
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर देहरादून के घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और “यूनिटी मार्च वॉकथॉन” (Unity March Walkathon) का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वदेशी अपनाने और नशा मुक्त उत्तराखंड बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र समर्पण की भावना के कारण आज भारत एक शक्तिशाली और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने जीवन को देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 से उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
धामी ने बताया कि राज्यभर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक आयोजन स्थल पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ “नशा मुक्त भारत”, “एक पेड़ मां के नाम” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे जन-जागरूकता अभियानों को भी जोड़ा गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। इससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सेवा भावना को बल मिलेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर इस संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर, जिलाधिकारी सविन बंसल, एवं एसएसपी अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


