Tuesday, February 3, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडसीएम धामी का औचक निरीक्षण: डालनवाला थानेदार अनुपस्थित, तत्काल लाइन हाजिर

सीएम धामी का औचक निरीक्षण: डालनवाला थानेदार अनुपस्थित, तत्काल लाइन हाजिर

देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख़्त संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य अपराध है, और ऐसे मामलों में सरकार कठोर कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी।

विभिन्न बैठकों के उपरांत मुख्यमंत्री अचानक पुलिस स्टेशन पहुंचे, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने की संपूर्ण कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड व्यवस्था और जनसुनवाई प्रणाली का गहन अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने थाने में उपस्थित शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि उत्तरदायित्व समझकर दर्ज किया जाए तथा उनका त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला फरियादियों से बातचीत की और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का विस्तृत निरीक्षण किया तथा लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाने में स्थित लॉकअप में गंदगी और अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की और तत्काल साफ-सफाई एवं मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति को दर्शाती है।

वाहन जांच अभियान, सत्यापन अभियान और अपराध नियंत्रण को लेकर चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही क्षेत्र की ट्रैफिक अव्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून तत्काल पुलिस स्टेशन पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,

कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

https://www.youtube.com/0vQxV_ynKyc

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!