देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण को लेकर अपनी सहमति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भवनों में सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि इनका उपयोग विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन के लिए किया जा सके।
सीएम धामी ने यह भी निर्देश दिए कि ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सही समय पर पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्थान से जुड़ी योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि ओबीसी वर्ग के हित में संचालित योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।

