देहरादून।
देहरादून नगर निगम परिसर में आज महिला कांग्रेस की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कारगी क्षेत्र से कूड़ा शिफ्ट करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि कारगी क्षेत्र में लंबे समय से कूड़ा डंप किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध, मच्छरों और गंदगी के कारण क्षेत्रवासियों का जीवन दूभर हो गया है, लेकिन नगर निगम इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम देहरादून जनता की समस्याओं को अनदेखा कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कारगी क्षेत्र से कूड़ा नहीं हटाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारे लगाए और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।

