देहरादून।
नगर निगम देहरादून द्वारा शहर की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दिनांक 10 फरवरी 2026 को नगर निगम परिसर में महापौर सौरभ थपलियाल की गरिमामयी उपस्थिति में शहर के विभिन्न वार्डों के लिए मानव चलित रिक्शों का वितरण किया गया।
इस पहल का उद्देश्य उन संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को सुचारु बनाना है, जहाँ अब तक कूड़ा उठान में व्यावहारिक कठिनाइयाँ सामने आ रही थीं। मानव चलित रिक्शों के माध्यम से अब ऐसे क्षेत्रों में भी नियमित रूप से कूड़ा संग्रहण संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मानव चलित रिक्शों की मदद से संकरी गलियों में कूड़ा उठान की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
नगर निगम का मानना है कि इस पहल से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान प्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा आम नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्रीमती नमामी बंसल सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं पार्षदगण भी उपस्थित रहे।

