राजधानी देहरादून स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक शुरू हो गई है। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद हैं।
बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी और सुबोध उनियाल शामिल हुए। इसके अलावा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन भी बैठक में पहुंचे और विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा में भाग ले रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में राज्य के आगामी बजट सत्र की तिथि पर मुहर लग सकती है। संभावना जताई जा रही है कि 9 मार्च से बजट सत्र आहूत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में बजट सत्र आयोजित किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान कई नियमावलियों में संशोधन पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। इसके साथ ही पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य और शहरी विकास विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है।
वहीं आगामी चारधाम यात्रा को सरल और सुगम बनाने को लेकर भी कैबिनेट स्तर पर मंथन किया जा सकता है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
राज्य की इस महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।

