देहरादून
उत्तराखण्ड राज्य की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के प्रथम सत्र के दृष्टिगत सुरक्षा एवं अनुषांगिक व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा के लिए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और सत्र के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, संचार तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सत्र को सुचारू और सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने स्पष्ट किया कि सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित की गई है ताकि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, संचार व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर विशेष जोर दिया गया।
इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि अब तक 38 विधायकों की ओर से प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जबकि कुल 563 प्रश्न विधानसभा सचिवालय तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी तैयारियों के साथ आगामी सत्र प्रभावी और सार्थक रहेगा।

