राजधानी देहरादून में युवा आह्वान संस्था द्वारा आयोजित 6वीं युवा विधानसभा का शुभारंभ यूसीएफ भवन में हो गया है। यह कार्यक्रम 26 फरवरी तक चलेगा, जिसमें उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभाओं से चयनित 70 युवाओं को विधानसभा सदस्य के रूप में सदन के पहले सत्र में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिला।
इस विशेष आयोजन में युवाओं ने मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और नेता प्रतिपक्ष जैसे अहम किरदारों को निभाते हुए सदन की कार्यवाही को जीवंत रूप दिया। सदन में उत्तराखंड के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
युवा आह्वान के निदेशक रोहित ध्यानी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि युवा विधानसभा के माध्यम से युवा अपने विचारों और सुझावों को लोकतांत्रिक तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं।
वहीं, युवा विधानसभा में मुख्यमंत्री की भूमिका निभा रहे रोहित नेगी ने कहा कि आगामी दो दिनों तक सदन में टेक्नोलॉजी के विषय पर विशेष चर्चा की जाएगी। उनका मानना है कि बेहतर तकनीकी विकास से प्रदेश में रोजगार के अधिक अवसर पैदा होंगे और युवाओं को नई दिशा मिलेगी।
दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे गंगा प्रसाद बहुगुणा ने कहा कि सदन में उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और युवाओं की आवाज को मजबूती से रखा जाएगा।
देहरादून में आयोजित यह युवा विधानसभा कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और उन्हें नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

