देहरादून: पिटकुल MD पीसी ध्यानी हटाए गए
देहरादून से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक (MD) पद से पीसी ध्यानी को हटा दिया गया है। यह कार्रवाई 18 फरवरी को नैनीताल हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के बाद की गई है।
हाईकोर्ट ने एक लंबित मामले की सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया था कि पिटकुल के MD पद के लिए टेक्निकल योग्यता अनिवार्य है। कोर्ट के समक्ष यह तथ्य सामने आया कि पीसी ध्यानी निर्धारित तकनीकी अर्हता पूरी नहीं करते थे, जिसके चलते उनकी नियुक्ति पर सवाल खड़े हुए।
कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं हुई थी कार्रवाई
हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद पीसी ध्यानी को पद से नहीं हटाए जाने पर न्यायालय ने नाराजगी जताई। कोर्ट ने प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम को अवमानना का नोटिस जारी किया।
इस बीच बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक भी विवादों में रही। बैठक में ऊर्जा निगमों में MD पद पर टेक्निकल योग्यता की अनिवार्यता को समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। इस फैसले को लेकर विरोध भी सामने आया।
मेहरबान सिंह बिष्ट को मिला अतिरिक्त प्रभार
ताजा आदेश के बाद अब ऊर्जा विभाग के अपर सचिव मेहरबान सिंह बिष्ट को पिटकुल के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मामले ने प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार आगे ऊर्जा निगमों में नियुक्तियों को लेकर क्या रुख अपनाती है।

