देहरादून: आपसी विवाद में प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे पर किया चाकू से हमला, दोनों घायल
क्लेमेंटाउन क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया
देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में शनिवार को प्रेम संबंध को लेकर हुए आपसी विवाद के बाद एक प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (07 मार्च 2026) को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटाउन को सूचना प्राप्त हुई कि ओगल भट्टा क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच हुए विवाद के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया है।
सूचना मिलते ही क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय घटनास्थल पर पहले से ही एक एम्बुलेंस मौजूद थी। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल भिजवाया, जहां वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया कि घायल युवक और युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से युवती का संपर्क किसी अन्य युवक से हो गया था, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों के बीच विवाद और कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

