गैरसैंण। कर्णप्रयाग–गैरसैंण मोटर मार्ग पर स्थित गैरसैंण–भराड़ीसैंण क्षेत्र में मंगलवार को लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण और डामरीकरण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के लिए भारी मशीनें सड़क पर खड़ी की गई हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है।
सड़क संकरी होने के कारण वाहनों को एक-दूसरे को पास देने में दिक्कत हो रही है, जिसके चलते मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जाम में कई छोटे-बड़े वाहन काफी देर तक फंसे रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। वहीं, वाहन चालकों ने प्रशासन से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।

