देहरादून।
राजधानी देहरादून में राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को सचिवालय कूच किया। आंदोलनकारी बड़ी संख्या में गांधी पार्क में एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सचिवालय की ओर मार्च शुरू किया।
राज्य आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से उनका चिह्निकरण लंबित है, जिसके कारण उन्हें सरकार द्वारा घोषित सुविधाओं और अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस मुद्दे को लेकर आंदोलनकारियों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।
आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि 10 प्रतिशत क्षेतिज आरक्षण के तहत परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अब तक रोजगार नहीं मिल पाया है। उनका कहना है कि सरकार ने आरक्षण की व्यवस्था तो लागू की, लेकिन उसका वास्तविक लाभ पात्र अभ्यर्थियों तक नहीं पहुंच सका है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि राज्य आंदोलनकारियों के चिह्निकरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए और 10 प्रतिशत क्षेतिज आरक्षण के तहत चयनित एवं पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

