
देहरादून : धामी कैबिनेट का विस्तार, चार जिलों के विधायकों को मिला मंत्री पद
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लंबे समय से मंत्री बनने की राह देख रहे विधायकों को आखिरकार बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी। मुख्यमंत्री धामी ने कैबिनेट विस्तार के तहत हरिद्वार, देहरादून, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जिलों से आने वाले विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
राजनीतिक दृष्टि से अहम माने जा रहे इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। लंबे समय से संगठन और सरकार में सक्रिय भूमिका निभा रहे इन विधायकों को मंत्री पद देकर भाजपा नेतृत्व ने क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है।
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद नवनियुक्त मंत्रियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य और भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
नवनियुक्त मंत्रियों ने यह भी संकेत दिया कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर प्रचंड जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
इस दौरान रुद्रप्रयाग विधायक और नवनियुक्त मंत्री भरत चौधरी ने भी मंत्री पद मिलने पर मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
धामी सरकार के इस कैबिनेट विस्तार को उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न सिर्फ सरकार को नई ऊर्जा मिलेगी बल्कि आगामी चुनावी रणनीति को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।


