देहरादून। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड शासन ने 28 मार्च, 2026 को रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक ‘अर्थ ऑवर (Earth Hour)’ मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेश के नागरिकों से अपील की गई है कि वे एक घंटे के लिए अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों में सभी गैर-जरूरी लाइटें एवं विद्युत उपकरण बंद रखें।
शासन की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि यह पहल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। यह अभियान WWF India, नई दिल्ली के पत्र के क्रम में आयोजित किया जा रहा है।
अर्थ ऑवर एक वैश्विक पर्यावरणीय अभियान है, जिसके माध्यम से लोगों को ऊर्जा संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाता है। उत्तराखण्ड शासन ने इस अवसर पर प्रदेश के सभी नागरिकों, संस्थानों और संगठनों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के दौरान एक घंटे तक केवल गैर-जरूरी विद्युत उपकरणों को ही बंद रखा जाए, ताकि इस प्रतीकात्मक पहल के माध्यम से ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंच सके।
प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे इस वैश्विक मुहिम में शामिल होकर न केवल ऊर्जा बचत में योगदान दें, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश भी फैलाएं।

