देहरादून। राजधानी देहरादून में तड़के सुबह एक बार फिर सनसनीखेज गोलीकांड का मामला सामने आया है। मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव के पास ओवरटेक को लेकर दो कार सवारों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग हो गई। इस दौरान चली गोली मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवारों के बीच ओवरटेक को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने गुस्से में आकर फॉर्च्यूनर के टायर को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
हालांकि, फॉर्च्यूनर के टायर पर चलाई गई गोली पास से गुजर रहे एक मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को जा लगी। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गोली लगने के बाद फॉर्च्यूनर वाहन भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

