
देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस के भीतर गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आती नजर आ रही है। पार्टी के अंदर बढ़ते अंतर्कलह के बीच कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट साझा की है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि विधायक हरीश धामी ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए हरीश रावत समर्थकों को सामूहिक इस्तीफा देने की बात लिखी है। उनकी इस पोस्ट के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही नाराजगी और गुटबाजी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हरीश धामी की यह टिप्पणी पार्टी के भीतर चल रहे असंतोष का संकेत है। खासतौर पर हरीश रावत खेमे और अन्य नेताओं के बीच बढ़ती दूरी अब सोशल मीडिया के जरिए भी सामने आने लगी है।
हालांकि, अभी तक इस मामले में पार्टी हाईकमान या प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन हरीश धामी की पोस्ट ने यह साफ कर दिया है कि उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है।
आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है, क्योंकि पार्टी के भीतर नेतृत्व, संगठन और समर्थक समूहों के बीच मतभेद अब खुलकर सतह पर आते दिखाई दे रहे हैं।

