रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशन में आगामी श्री केदारनाथ यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हैलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर सक्रिय साइबर ठगों के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने अब तक कुल 265 फर्जी वेबसाइट्स, बैंक खातों, फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट्स और मोबाइल नंबरों को चिन्हित कर उनके खिलाफ ब्लॉक/टेकडाउन की प्रभावी कार्रवाई की है।
हर वर्ष केदारनाथ धाम यात्रा शुरू होने से पहले साइबर अपराधी श्रद्धालुओं को ठगने के लिए हैलीकॉप्टर सेवाओं और नामी कंपनियों के नाम पर फर्जी वेबसाइट्स, फर्जी फेसबुक विज्ञापन पेज और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट्स बनाकर ऑनलाइन ठगी का जाल बिछाते हैं। कई बार श्रद्धालु इन जालसाजों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं।
इसी खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा जनपद स्तर पर एक विशेष ‘साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स’ का गठन किया गया है। इस विशेष टीम ने केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ ठोस और प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर सख्त कार्रवाई
रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी के दौरान कुल 111 संदिग्ध फेसबुक पेज चिन्हित किए गए। इनमें से 106 फेसबुक पेज सफलतापूर्वक टेकडाउन कराए जा चुके हैं। इसके अलावा 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी संदिग्ध गतिविधियों के चलते रिपोर्ट किया गया है। पुलिस इन सभी अकाउंट्स की विस्तृत जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप नेटवर्क पर भी प्रहार
फर्जी फेसबुक पेजों और ऑनलाइन ठगी से जुड़े 110 मोबाइल नंबरों की पहचान की गई। इनमें से 55 मोबाइल नंबरों को संबंधित टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स और व्हाट्सएप के माध्यम से ब्लॉक करा दिया गया है। वहीं शेष 55 नंबरों को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस इन नंबरों के उपयोगकर्ताओं की जानकारी भी एकत्र कर रही है, ताकि आगे विधिक कार्रवाई की जा सके।
बैंक खातों पर वित्तीय शिकंजा
साइबर ठगी में प्रयुक्त 6 बैंक खातों की जांच की गई है। इनमें से 1 बैंक खाते को डेबिट फ्रीज किया जा चुका है, जबकि बाकी खातों को भी डेबिट फ्रीज कराने की प्रक्रिया प्रगति पर है। पुलिस का उद्देश्य है कि ठगों तक पहुंचने के साथ-साथ उनकी वित्तीय गतिविधियों पर भी पूरी तरह रोक लगाई जाए।
फर्जी वेबसाइट्स पर निगरानी तेज
पुलिस की साइबर टीम ने प्रारंभिक जांच में 22 ऐसी वेबसाइट्स चिन्हित की हैं, जो हैलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराने का दावा कर रही थीं और प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गईं। इन वेबसाइट्स के खिलाफ डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट भेजी गई है, ताकि इन्हें जल्द से जल्द बंद कराया जा सके।
केवल IRCTC की अधिकृत वेबसाइट से ही करें बुकिंग
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करती है। उन्होंने हैलीकॉप्टर के माध्यम से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है कि केदारनाथ यात्रा हेतु हैली सेवाओं की एकमात्र अधिकृत वेबसाइट केवल IRCTC की आधिकारिक पोर्टल ही है।
➡️ अधिकृत वेबसाइट: https://www.heliyatra.irctc.co.in/
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अन्य वेबसाइट, फेसबुक विज्ञापन, लिंक या व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से टिकट बुकिंग का प्रयास न करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
साइबर अपराध पर जीरो टॉलरेंस
एसपी नीहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत रुद्रप्रयाग पुलिस साइबर अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार डिजिटल स्पेस, सोशल मीडिया, फर्जी लिंक और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं।
साथ ही आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का सामना हो, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।


