Wednesday, April 8, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडचारधाम यात्रा से पहले स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल सख्त, यात्रा मार्गों पर...

चारधाम यात्रा से पहले स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल सख्त, यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक गहन समीक्षा बैठक कर यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थापित स्वास्थ्य परीक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया जाए और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए। उन्होंने इन केंद्रों पर तैनात एम्बुलेंस की फिटनेस जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तीर्थयात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

मंत्री ने चारधाम कंट्रोल रूम में ईसीजी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पोर्टेबल मशीनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार की चारधाम यात्रा से श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ स्थित अस्पतालों का संचालन भी शुरू किया जाएगा, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्वास्थ्य जांच केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) को अलर्ट मोड में कार्य करने को कहा। उन्होंने जिलेवार स्वास्थ्य उपकरणों की जानकारी लेते हुए साफ किया कि यात्रा सीजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी जिलों के सीएमओ को निर्देश दिए कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता के मामले में कोई कोताही न बरती जाए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी प्रकार की कमी पाई गई तो संबंधित सीएमओ की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने सरकारी अस्पतालों को केवल रेफरल अस्पताल बनकर रहने की मानसिकता से बाहर आने की जरूरत बताई। मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों को अपनी सेवाओं की गुणवत्ता सुधारनी होगी और मरीजों का सम्पूर्ण उपचार सुनिश्चित करना होगा। इस दिशा में सख्त कार्यवाही की भी आवश्यकता है।

बैठक में मंत्री ने जनपदवार विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी विशेषज्ञता के अनुरूप दायित्वों का ईमानदारी और गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मशीनों का सदुपयोग हो और सरकारी धन का दुरुपयोग न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार जरूरी है। उन्होंने सभी डॉक्टरों से बेहतर कार्य कर उदाहरण प्रस्तुत करने की अपील की और कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों को सम्पूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

https://www.youtube.com/0vQxV_ynKyc

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!