देहरादून स्थित डीएवी (पीजी) कॉलेज देहरादून में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को कॉलेज में आयोजित सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच से आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया गया। इस घटना से वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और आम जनता की भावनाएं आहत हुईं।
इस संबंध में 12 अप्रैल 2026 को छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी, सत्यम शिवम छात्र संगठन, द्वारा थाना डालनवाला में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा संख्या 63/2026 दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है और विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

