देहरादून के कोतवाली प्रेमनगर क्षेत्र में एक बड़े ठगी और पुलिस के साथ अभद्रता के मामले का खुलासा हुआ है। 9 अप्रैल 2026 को श्यामपुर अंबीवाला निवासी यशपाल सिंह द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर यह मामला सामने आया।
तहरीर के अनुसार, आरोपी प्रवीण सेमवाल वर्ष 2020 से आवेदक के यहां नौकरी कर रहा था और उस पर पूरा विश्वास किया जाता था। आरोप है कि प्रवीण ने अपनी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल और साले आकाश के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। इस दौरान ऑफिस के कैश काउंटर की नकली चाबी बनाकर नगदी की चोरी की गई और निर्माण सामग्री जैसे रोड़ी, बजरी और सीमेंट को बिना जानकारी के बेचकर रकम हड़पी गई।
जनवरी 2026 में जब आवेदक ने अपने पुत्र से हिसाब-किताब की जांच कराई, तो करीब 55 लाख रुपये की हेराफेरी का खुलासा हुआ। इस पर बातचीत के दौरान आरोपियों ने 20 लाख रुपये लौटाने का लिखित समझौता भी किया, लेकिन बाद में इससे मुकर गए और इसे दबाव में कराया गया बताया।
मामले की जांच के लिए जब पुलिस ने प्रवीण सेमवाल को थाने बुलाया, तो कुछ समय बाद उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई आकाश के साथ थाने पहुंची और हंगामा करने लगी। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों, विशेषकर महिला उपनिरीक्षक के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर मारपीट भी की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं, थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई के साथ स्वयं थाने आई थी, पुलिस द्वारा उसे जबरन नहीं लाया गया था।

