ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात तेज बारिश और आंधी के कारण विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सड़क मार्गों को सुचारु कराया।
फायर स्टेशन ऋषिकेश से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मई 2026 को रात 12:55 बजे पीएफटी के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न आठ स्थानों पर पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिटों को तत्काल घटनास्थलों के लिए रवाना किया गया।
फायर सर्विस टीमों ने मौके पर पहुंचकर वुडन कटर की सहायता से सड़क पर गिरे पेड़ों को काटकर हटाया। इसके बाद बाधित मार्गों पर यातायात को फिर से सुचारु कराया गया। राहत कार्य के दौरान फायर कर्मियों ने तेजी और सतर्कता के साथ कार्य करते हुए किसी बड़ी दुर्घटना को होने से रोका।
स्थानीय लोगों ने भी फायर सर्विस की तत्परता की सराहना की। विभाग की ओर से लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।

