देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के चलते दून पुलिस ने करोड़ों की भूमि हड़पने के षड्यंत्र का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महिला को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने साथियों संग मिलकर एक मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जी पहचान पत्र व दस्तावेज तैयार कर कोर्ट से जमीन पर स्टे ले लिया था।
पटेलनगर निवासी राहुल देव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के जरिए अपनी संपत्ति उनके नाम की थी। वर्ष 2016 में दादा की मृत्यु के बाद संपत्ति राहुल के नाम दर्ज हो गई। लेकिन वर्ष 2026 में जब उन्होंने भूमि का रिकॉर्ड (फर्द) निकाला, तो पता चला कि बबीता देवी नाम की महिला ने उनके मृत दादा के नाम पर साल 2025 का एक फर्जी अधिकार पत्र (एटार्नी) बनवाकर जमीन पर स्टे ले लिया है। इस धोखाधड़ी में दादा की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा किया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाकर मुख्य आरोपी महिला बबीता देवी (52 वर्ष), निवासी ग्राम बीराखेडी (सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने साथियों के साथ मिलकर करोड़ों की जमीन हड़पने की नीयत से मृत व्यक्ति का फर्जी पहचान पत्र बनाया और उसके आधार पर मुख्तारनामा तैयार कर धोखाधड़ी से स्टे हासिल किया था। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
करोड़ों की जमीन हड़पने के लिए मृत व्यक्ति का फर्जी दस्तावेज बनाने वाली महिला गिरफ्तार
https://www.youtube.com/0vQxV_ynKyc

