
देहरादून: राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अपना अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना स्वीकृत मानचित्र (Map) के बन रहे 4 अवैध भवनों को सील कर दिया।
कुल्हान में कार्रवाई: नागल हटनाल (कुल्हान) में नियमों के खिलाफ दो बहुमंजिला भवनों को जोड़कर बनाए जा रहे फ्लैट्स को सील किया गया।
- चन्द्रवनी में एक्शन: द्वारिका पुरी क्षेत्र में बिना अनुमति के बनाए जा रहे दो डुप्लैक्स भवनों पर ताला लगाया गया।
वहीं MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने स्पष्ट किया है कि देहरादून के सुनियोजित विकास से कोई समझौता नहीं होगा। बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सीलिंग और ध्वस्तीकरण की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही प्राधिकरण ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी वैधानिक स्वीकृतियां और मानचित्र अवश्य पास कराएं।


