
देहरादून : उत्तराखंड क्रिकेट के लिए आज एक ऐतिहासिक और गर्व का दिन है। राज्य के दो प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) से जुड़े लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय पुरुष अंडर-19 टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि प्रियांशु फर्तियाल का चार दिवसीय (मल्टी-डे) टीम में चयन हुआ है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर क्रिकेट कमेटी ने श्रीलंका दौरे के लिए वन-डे और मल्टी-डे दोनों टीमों की घोषणा कर दी है। टीम तीन वन-डे मैचों और दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज खेलेगी।
टीम में उत्तराखंड का डबल प्रतिनिधित्व
• कप्तान: यशवर्धन सिंह चौहान
• उपकप्तान: लक्ष्य रायचंदानी (वन-डे और मल्टी-डे दोनों प्रारूपों में)
लक्ष्य रायचंदानी को दोनों प्रारूपों में उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रियांशु फर्तियाल को मल्टी-डे टीम में जगह मिली है। यह चयन उत्तराखंड क्रिकेट की उभरती हुई प्रतिभाओं का प्रमाण है।
CAU ने जताई खुशी
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने इस उपलब्धि को “उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण” बताया है। बीसीसीआई सदस्य और CAU के पूर्व सचिव माहिम वर्मा ने कहा,
“लक्ष्य रायचंदानी का उपकप्तान बनना पूरे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उनकी मेहनत और प्रतिभा का यह नतीजा है। प्रियांशु फर्तियाल का मल्टी-डे टीम में चयन भी राज्य के उभरते क्रिकेटरों को प्रेरणा देगा। हमारा राज्य जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का काम लगातार कर रहा है।”
CAU सचिव किरन रौतेला वर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे श्रीलंका में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों की पृष्ठभूमि
लक्ष्य रायचंदानी अपनी सटीक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने घरेलू टूर्नामेंट्स में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रियांशु फर्तियाल मल्टी-डे फॉर्मेट में मजबूत बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं और उनका चयन उनके अनुशासित अभ्यास का परिणाम है।
पूरे उत्तराखंड में इन दोनों खिलाड़ियों के चयन पर जश्न का माहौल है। क्रिकेट प्रेमी इन युवा प्रतिभाओं से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।


