एमडीडीए का सख्त एक्शन: 30 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, कई निर्माणों पर सील
देहरादून, 15 जुलाई 2026 — मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति के निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। डोईवाला, कारगी ग्रांट, यूनिवर्सिटी रोड और मसूरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 30 बीघा अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जबकि कई अवैध दुकानों और भवनों को सील कर दिया गया।
अभियान के दौरान डोईवाला के खत्ता रोड स्थित रेलवे फाटक के पास परमजीत कौर, शूरवीर सिंह पंवार, विनोद रावत, शाहरुख वसीम और नरेन्द्र बसेरा द्वारा विकसित की जा रही 30 बीघा की अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कारगी ग्रांट के विजिलेंस ऑफिस रोड पर फरमान द्वारा बनाई जा रही अवैध दुकानों को सील किया गया। यूनिवर्सिटी रोड के ग्राफिक एरा क्षेत्र में यामीन और अमीर खान के अवैध व्यावसायिक निर्माण और मसूरी के टिहरी-चम्बा रोड (टिपरी धार) पर सुरेश कुमार, सरोजनी देवी व प्रीति कुमारी के निर्माण भी सील कर दिए गए।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। हम नियोजित, सुरक्षित और टिकाऊ विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्रवर्तन टीम नियमित निरीक्षण कर रही है और बिना स्वीकृति के निर्माणों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी भूखंड खरीदने या निर्माण शुरू करने से पहले एमडीडीए से उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
