उत्तराखंड में फिर पेपर लीक: दो विषयों की परीक्षाएं रद्द, 7 साल का प्रतिबंध लगाया

देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UKTU) में सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो विषयों की परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं।
विश्वविद्यालय ने Machine Learning for Internet of Things (IOTT004) और Electromagnetic Field Theory (ECT043) विषयों की परीक्षाएं रद्द करते हुए इनकी पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। 22 जुलाई को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, IOTT004 विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। शिकायत मिलने पर गठित विश्वविद्यालय स्तरीय समिति और संबंधित संस्थान की आंतरिक जांच समिति ने मामले की गहन जांच की।जांच रिपोर्ट में पाया गया कि बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता ने परीक्षा की गोपनीयता का गंभीर उल्लंघन किया है। साथ ही ECT043 विषय के प्रश्नपत्र पर भी लीक की आशंका व्यक्त की गई। इन तथ्यों के आधार पर विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया।
UKTU के अनुसार, दोनों विषयों की री-एग्जाम अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में कराई जाएगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम और परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। पेपर लीक होने पर सख़्त प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता को आगामी सात वर्षों तक विश्वविद्यालय की सभी परीक्षा गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया है साथ ही संबंधित संस्थान को परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
यह घटना उत्तराखंड की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और गोपनीयता को लेकर सवाल उठा रही है। UKTU प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर नियमित रूप से अपडेट चेक करें।
