डीएवी पीजी कॉलेज में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का हुआ लोकार्पण, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
देहरादून, 1 अगस्त। डीएवी (पीजी) कॉलेज परिसर में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का शनिवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री खजान दास मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
अपने संबोधन में गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देशवासियों की अस्मिता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे राष्ट्रीय प्रतीकों की स्थापना से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की घोषणा पूर्व में की गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर अब इसका लोकार्पण किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने कॉलेज परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कॉलेज प्रशासन, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
