नशामुक्त समाज के लिए देवभूमि रिहैब की नई पहल
देहरादून। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से देवभूमि रिहैब वेलफेयर एसोसिएशन ने अपनी आगामी योजनाओं का खाका पेश किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित क्षेत्री ने बताया कि संगठन का मुख्य लक्ष्य समाज में नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाना, नशामुक्ति केंद्रों को सही दिशा-निर्देश देना और सरकार की न्यूनतम मानक गाइडलाइन पर काम करवाना है। संगठन लोकतांत्रिक तरीके से संचालित हो रहा है और हाल के चुनाव में नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
इस वर्ष विशेष रूप से नशे के शिकार गरीब बच्चों के इलाज में मदद और उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, नशामुक्ति केंद्रों से जुड़ी जानकारी के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी सूचनाएं पुलिस के साथ साझा कर नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की भी कोशिश की जाएगी।