दून मेडिकल कॉलेज में इंटर्न और पीजी डॉक्टरों का धरना जारी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक पहुंचे
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में यूजी इंटर्न और पीजी डॉक्टरों का स्टाइपेंड समेत विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा धरना आज तीसरे दिन भी जारी रहा। दोपहर के समय चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सयाना धरना दे रहे इंटर्न के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत कर उनकी मांगों को समझने का प्रयास किया।
इस दौरान निदेशक चिकित्सा शिक्षा ने इंटर्न को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर शासन स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इंटर्न को सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। साथ ही अन्य राज्यों में दिए जा रहे स्टाइपेंड का भी आंकलन किया जाएगा और संभव है कि उत्तराखंड में अन्य राज्यों से अधिक स्टाइपेंड दिया जाए।
हालांकि, चिकित्सा शिक्षा निदेशक के आश्वासन के बावजूद यूजी इंटर्न और पीजी डॉक्टर पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। धरने पर बैठे डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें अब तक लिखित रूप में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। ऐसे में मांगें पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा।
वहीं, यूजी इंटर्न ने ऐलान किया है कि अपनी मांगों को लेकर 10 सितंबर को दून अस्पताल से घंटाघर तक रैली निकाली जाएगी। इंटर्न का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।