
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में कंचनपुर उद्योग वाणिज्य संघ द्वारा आयोजित इण्डो नेपाल अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला और पर्यटन महोत्सव में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के स्थानीय उत्पादों पर आधारित स्टालों का अवलोकन किया और इस आयोजन को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव भारत और नेपाल के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक रिश्तों को और अधिक सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा, “भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराना धार्मिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक और रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है। जब भी प्रभु श्रीराम और माता सीता का स्मरण किया जाएगा, तब इन देशों के रिश्तों का भी जिक्र होगा।”
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण में नेपाल की सनातनी जनता की आस्था को भी सराहा और इसे भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध और भी मजबूत हो रहे हैं।
उन्होंने नेपाल और भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखंड से नेपाल तक कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल स्थित हैं, जहाँ आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास कर रही है ताकि व्यापार और पर्यटन को और बढ़ावा दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई नेबरहुड फर्स्ट नीति के अंतर्गत नेपाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने की बात भी कही। इसके माध्यम से दोनों देशों के बीच आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की जा रही हैं, जैसे कि कनेक्टिविटी में सुधार, व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना, और साझा ऊर्जा परियोजनाओं पर काम करना।
मुख्यमंत्री ने पंचेश्वर बांध परियोजना का भी जिक्र किया, जो दोनों देशों के लिए साझा ऊर्जा उत्पादन का एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। साथ ही, उन्होंने सीमा क्षेत्रों में आधुनिक सड़कों, सुरंगों और पुलों के निर्माण की प्रक्रिया को भी साझा किया।
इस अवसर पर नेपाल के पूर्व मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र सिंह रावल, कंचनपुर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष श्री पीतांबर जोशी, विधायक श्री खजान दास, श्री दिवान सिंह बिष्ट, श्री विक्रम धामी, श्री प्रकाश रावल और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
