देहरादून।
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस अब सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज करा रही है। बुधवार को उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून की यमुना कॉलोनी स्थित विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी के आवास का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल कथित वीआईपी के नाम को लेकर भाजपा लगातार चुप्पी साधे हुए है, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि जब कांग्रेस लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रही है, तब विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी सहित भाजपा की अन्य महिला विधायक और मंत्री इस मुद्दे पर मौन क्यों हैं।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने एक प्रतीकात्मक विरोध भी किया, जिसमें महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल को विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान उन्होंने धरने के समय चुप्पी साधे रहने का अभिनय कर भाजपा नेताओं की कथित चुप्पी पर तंज कसा।
महिला कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यदि सरकार जल्द ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की संस्तुति नहीं देती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में भाजपा की सभी महिला विधायकों के आवासों का भी घेराव किया जाएगा।

