देहरादून। विशाल भोजक ने उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया है। इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में गणेश गोदियाल, हरीश रावत और प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि विशाल भोजक अपने दायित्वों से भली-भांति परिचित हैं और पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। उन्होंने युवा टीम से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद विशाल भोजक ने कहा कि वे युवा जोश के साथ राज्य की ज्वलंत समस्याओं को लेकर हर युवा तक पहुंचेंगे और उन्हें कांग्रेस से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले समय में पार्टी को मजबूत आधार मिलेगा।

